माँ
माँ के दामन में रहे, सिर्फ वफा के फूल। औलादों के हर सितम, हँस कर करे कबूल।। १ माँ को दुख देना नहीं, मत करना तुम भूल। माँ जो भी देती दुआ, भगवन करे कबूल।। २ माँ होती ममतामयी, करुणा का अवतार। माँ छाती के दूध का, सभी हैं कर्जदार।। ३ माँ अपना सबकुछ करे, बच्चों पर कुर्बान। होता दुनिया में नहीं, कोई मात समान।। ४ माँ के चरणों में बसे, काशी-गया-प्रयाग। गलती से करना नहीं, अपनी माँ का त्याग।। ५ -लक्ष्मी सिंह

Comments
Post a Comment