Posts

Showing posts from September, 2019

वीर

Image
वीर साहसी बनो। यूँ न आलसी बनो। सूर्य चंद्र -सा बनो। रत्न यत्न से चुनो। लक्ष्य साध के बढ़ो। धैर्य बाँध के बढ़ो। तुंग श्रृंग पे चढ़ो। पुण्य पंथ पे बढ़ो। हौसला बुलंद हो। जीतना पसंद हो। मर्त्य हो विचार लो। पंख को पसार लो। दिव्य कीर्ति मान हो। सर्व शक्ति मान हो। आर्य अंश ज्वाल हो शूर पूत लाल हो। लक्ष्य भेद तीर से। स्वेद रक्त नीर से। कर्म की कटार से। सत्य के विचार से। पीर स्वाद जो चखा। ध्यान लक्ष्य पे रखा। दीप आस का जला । टाल दे सभी बला। बीज धूल में मिला। फूल तो तभी खिला। वीर हो जयी बनो । स्वप्न यत्न से जनो। देश मान के लिए। आन बान के लिए। स्वाभिमान के लिए। जिस्म जान के लिए। हारना कभी नहीं। टालना कभी नहीं। यत्न हो प्रयास हो। साँस-साँस आस हो। भावना मिटे नहीं। स्वार्थ में बँटे नहीं। बाँटना खुशी सदा। सोचना नई सदा लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

प्रकृति

Image
प्रकृति एक "माँ“की तरह, रखती सबका ख्याल।  हैं ये जीवन दायनी,  इसको रखो सँभाल। । नीर  , हवा , भोजन ,वसन, मुफ्त लुटाती दान। स्वार्थ भरा फिर भी मनुज, करे प्रकृति नुकसान।। प्रकृति नटी सबसे सुखद, रखती हमें निरोग। बाँट रही है स्नेह से, सबको छप्पन भोग।। प्रकृति नष्ट करना नहीं, विनती बारंबार। हरी-भरी धरती रहे, सुरभित हो संसार।। -लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

प्रेम

Image
पी कर प्याला प्रेम का, जी पाया है कौन। जिसने इसको पी लिया, हो जाता है मौन।। बिना बिंधे कलियाँ कभी, हुई गले का हार। बिना दर्द का फिर कहो, कैसे होगा प्यार।। जो मिट जाये प्रेम में, खुद को कर दे राख। होता कोई एक है, नहीं मिलेगे लाख।। -लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

लक्ष्य

Image
भटक रही हूँ लक्ष्य बिन, मंजिल से अंजान। जाऊँ कैसे किस दिशा, नहीं मुझे पहचान।१। लक्ष्य हीन ऐसी दशा, ज्यों मुरझाये फूल। जीवन पग-पग पर लगे, जैसे चुभते शूल।२। लक्ष्य भेद पाई नहीं, सदा गई मैं चूक। उलझन में उलझी रही, अंतस भर कर हूक।३। सदा जंग खाता रहा, ज्यों तरकस में तीर। मेरे हिस्से में मिला, केवल बहता नीर।४। आप निकल आये कहाँ, निज लक्ष्यों को नाप। केवल बसते हैं जहाँ, आस्तीन के साँप।५। लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

कर्म

Image
कर्म दैविक रूप है, तो कर्म ही आकार है। कर्म दैविक संपदा है ,मुक्तियों का  द्वार है।  कर्म जो भी श्रेष्ठ करता, ईश का अवतार है। कर्म से जीवन जगत का, स्वप्न सब साकार है। कर्म पूजा साधना है, पुण्य का आधार है। कर्म के आधार पर ही, भाग्य का विस्तार है। वेद गीता में लिखा है, कर्म सुख का सार है। कर्म जीवन मर्म है, औ प्रेरणा उपकार है। वक्त बदला है मनुज जो, कर्म को तैयार है। कर्म योगी हो मनुज तो, लक्ष्य सब स्वीकार है। स्वेद शोणित मोतियों से , कर्म का श्रृंगार है। कर्म से जीवन सरल है, मुश्किलों से पार है। कर्म जो करता नहीं है, वह मनुज बेकार है। कर्म गठरी बाँध कर ही, चल रहा संसार है। हो भरोसा कर्म पर, मिलते सभी अधिकार है। कर्म से जीवन सजा, आनंद ही उपहार है। -लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

कर्म

Image
कर्म देव द्वार है।  एक दिव्य धार है तुष्टि-पुष्टि प्यार है।  युक्ति-मुक्ति सार है।  कर्म रत्न खान है।  स्वेद रक्त दान है कर्म ही प्रधान है।  सर्व शक्ति मान है।  कर्म छंद काव्य है।  पूर्ण पूज्य भाव्य है।  कर्म योग साधना।  श्रेष्ठ दिव्य भावना।  कर्म ही प्रयास है।  सूर्य का प्रकाश है।  कर्म कृष्ण राम है। सर्व श्रेष्ठ धाम है।  -लक्ष्मी सिंह  नई दिल्ली

चंचल हवा

Image
शोख- चंचल-सी हवा ये छेड़ जाती है मुझे। है बड़ी बदमाश-सी कितनी सताती है मुझे। अंग से ऐसे लिपट जाती बदन को चूमती। बावली मुझको बनाती मस्त मौला झूमती। प्यार से भींगी हवा बौछार बनकर छू रही, ले चलूँ तुम को कहाँ नादान दिल से पूछती। जानती -पहचानती ऐसे जताती है मुझे। शोख- चंचल-सी हवा ये छेड़ जाती है मुझे। खींचती आँचल कभीउलझा रही है बाल को। काँपते से होठ छूकर चूमती है गाल को। और सीने से लगाकर साँस में घुलने लगी, नर्म कोमल हाथ से सहला रही है भाल को। खोल बाँहे प्रेम की मदिरा पिलाती है मुझे। शोख चंचल-सी हवा ये छेड़ जाती है मुझे। ये हवा झकझोरती मुझको जगाती रात में। संग महकी-सी कई यादे दिये सौगात में। चीरती है सर -सराहट दग्ध करती हृदय को, दर्द कितना भर गईं मेरे सभी जज्बात में। सप्त सुर संगीत से मदहोश करती है मुझे। शोख चंचल-सी हवा ये छेड़ जाती है मुझे। - लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

नाथ मेरे राम

Image
आयोजन _हरिगीतिका छंद_सृजन क्रमांक_१ तिथि -२२.९.१९ दिवस -रविवार विषय - स्वतंत्र (हरि गीतिका छंद आधारित गीत) मापनी... 2212 2212 2 ,212 , 2212 सूरत सलोनी श्याम सुंदर, नाथ मेरे राम है। करुणा भरी कोमल हृदय में, राम का ही धाम है। श्री राम से खाली यहाँ पर, कौन- सा स्थान है। जो जानता उसके बने प्रभु, और सब अंजान है। सब पाप ,तम देते मिटा जो, राम का ही नाम है। सूरत सलोनी श्याम सुंदर, नाथ मेरे राम है। मैं दास केवल राम का हूँ, राम ही भगवान हैं। चाहूँ तुझे, पाऊँ तुझे मैं, बस यही अरमान है। सूरत तुम्हारी देख कर ही, हो रहा सब काम है। सूरत सलोनी श्याम सुंदर, नाथ मेरे राम है। प्रभु नाम का सुमिरन करें जो, सब दुखों से पार है। आशीष जब तेरा मिले तो, सुख भरा संसार है। प्रभु राम को जपते रहो सब, कुछ न लगता दाम है। सूरत सलोनी श्याम सुंदर, नाथ मेरे राम है। श्री राम-सम कोई नहीं है, राम ही वरदान हैं। जिस पर सदा इनकी कृपा हो, बन गया धनवान है। पूरा जगत को जो भुला दे, ये वही इक जाम है। सूरत सलोनी श्याम सुंदर, नाथ मेरे राम है। -लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

जमाष्टमी

Image
विधाता छंद १२२२-१२२२-१२२२-१२२२ महीना नेक भादो का, दिवस बुधवार शुभकारी। अँधेरी रात काली थी, लिए जब जन्म वनवारी। कड़क कर रोशनी बिजली, अँधेरे में जलाई थी। बरसकर बादलों ने तब, मधुर धुन गुन गुनाई थी। सभी दरबान सोए थे, खुली तब बेड़ियाँ सारी। हुई तब कंस के वध की, शुरू तत्काल तैयारी। अँधेरों ने किया स्वागत, कहो हर-हर मुरारी की। गए झट खुल सभी ताले, अजब लीला बिहारी की। डरो मत देवकी बोली, रखो अब ध्यान बालक का। इसे भी कंस मारेगा, करो कुछ ज्ञान पातक का। तभी वसुदेव जी बोले, करो चिन्ता नहीं प्रिय तुम। रखो कुछ आस अब मन में , धरो धीरज हृदय में तुम। हमें चिन्ता नहीं उनकी, उन्हें चिन्ता हमारी है। हमारे प्राण के रक्षक, सुदर्शन चक्रधारी है। बढा है पाप जब-जब तब, लिए हैं जन्म अवतारी। हुई है मात हर्षित तब, मिले हैं दीन उपकारी। लक्ष्मी सिंह नई दिल्ली

भाग्य

Image
विधा-विधाता छंद 1222 -1222, 1222-1222 भाग्य ***** विधा ऐसी नहीं कोई, पढ़े जो भाग्य का लेखा। मनुज के हाथ में होती, मनुज के हाथ की रेखा।।  करोगे कर्म जैसा तुम, बनेगी भाग्य की रेखा। खुदा के पास होता है मनुज के कर्म का लेखा।  विधाता ने लिखा है जो कभी वह मिट नहीं सकता। मगर इक कर्म के आगे खुदा भी टिक नहीं सकता।। फसल वह काटता जो जिस तरह का बीज बोता है।  किया आलस सदा जिसने मिला हर चीज खोता है।। दिया है भाग्य भी दस्तक उसी के द्वार पर आकर।  किया विश्वास जिसने है सदा निज कर्म के ऊपर।  प्रबल हो सोच तो पर्वत वहाँ पर सिर झुकाता है।  नदी भी छोड़ दे राहें समंदर तैर जाता है। भला यह कौन कहता है कि खाली हाथ आया है।  कहा मानव जगत को छोड़ खाली हाथ जाता है। ।  मगर सच है मनुज का भाग्य उसके साथ आता है।  मनुज का कर्म जाते वक्त उसके साथ जाता है।।  अँधेरा भाग्य दीपक का, उजाला कर्म है उसका।  जला चुपचाप से जग में, उजाला धर्म है उसका।।  धरो तुम ...

जन्म दिवस

Image
जन्म दिवस सबके लिए, होता सबसे खास।  भू पर आये आज ही, हो जाता अहसास।। दिये बधाई दोस्त सब, लेकर आये केक।  सोच रहे थे हम मगर,करें काम कुछ  नेक।।  जन्म दिवस पर आज जब, कटा केक का पीस।  बीत गया यह वर्ष भी , उठती  मन में टीस ।। बढ़ा गया है उम्र को, घटा आज इक साल।  हम बूढ़े होने लगे,कहे वक्त की चाल।। गुस्सा करना दोस्त मत, होना मत नाराज।  जन्म दिवस पर देख कर, मेरा यह अंदाज।। -लक्ष्मी सिंह  नई दिल्ली